सांगला (किन्नौर)। जिले के नेशनल हाईवे-5 पर आकपा में बने 300 मीटर लंबे वैली ब्रिज पर आखिर वाहन दौड़ने शुरू हो गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई बैठक के बाद पुल को खोलने की अनुमति मिल गई है। अनुमति मिलने के बाद सीमा सड़क संगठन के ओसी पवारी किन्नौर डीके राघव ने करीब 12 बजे आकपा पुल से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब जिला किन्नौर से पूह, काजा, ताबो और स्पीति की तरफ निगम की बसों, सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों सहित पूह खंड की 24 पंचायतों के हजारों लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है। वाहनों की आवाजाही शुरू होते ही हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि 11 अगस्त को रात करीब 12 बजे नदी में बाढ़ आ गई थी। इससे रिस्पा गांव के लोगों का संपर्क कटने के साथ ही सिंचाई कूहलों और पेयजल स्कीमों को भी भारी क्षति पहुंची थी। वहीं, आकपा के पास निजी कंपनी की ओर से बनाया गया 30 मीटर पुल भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया था। ऐसे में दो सप्ताह तक हजारों लोगों को बड़े वाहनों के न चलने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन, अब रुड़की से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आकपा वैली पुल पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। वहीं, सीमा सड़क संगठन के ओसी डीके राघव ने बताया कि लोगों की असुविधाओं को देखते हुए फाइनल रिपोर्ट के बाद आकपा पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। उधर, पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रेम कश्यप ने कहा कि मंगलवार से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित शिमला, रामपुर, भावानगर और टापरी की ओर से पूह काजा और पूह काजा की ओर से भी बसों की आवाजाही शुरू हो गई है।