. पुलिस, विद्युत बोर्ड, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग में रिक्त पदों ने बढ़ाई परेशानी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों के कारण अव्यवस्था की मार झेल रही है। पुलिस, बिजली बोर्ड, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग समेत अन्य विभागों में रिक्त पदों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रामपुर में कांग्रेस केवल जनता से वोट लेने का काम करती है और जनता समस्याओं से जूझ रही है। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने विस क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा है। कौल ने कहा कि हर विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी चल रही है और हजारों ग्रामीण परेशानी झेल रहे हैं। कौल ने कहा कि रामपुर में कांग्रेस की राजनीति केवल मात्र चुनाव तक सीमित है। चुनाव के बाद कांग्रेस आम जनता को भूल जाती है। वर्तमान स्थिति को देखें, तो ननखड़ी तहसील के थाने में पुलिस कर्मियों के पास गाड़ी तक की सुविधा नहीं है। यदि कहीं से नशे को लेकर सूचना आती है, तो पुलिस को या तो पैदल या फिर किसी की गाड़ी मांगनी पड़ती है। वहीं, एक-एक कर्मी के पास इतना अतिरिक्त कार्यभार है कि वे मानसिक दबाव में आकर काम कर रहे हैं। बोर्ड के एक-एक टी मेट के पास 36 ट्रांसफार्मर दिए गए हैं। ऐसे में वो कहां कहां बिजली ठीक करने जाए। कौल सिंह ने कहा कि हर सरकारी विभागों में कर्मचारियों की भारी कमी चल रही है। लोक निर्माण विभाग में 14 में से कनिष्ठ अभियंता के 7 पद खाली पड़े हैं। बिजली बोर्ड में 200 से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। बाहली में 36 ट्रांसफार्मर में एक फील्ड स्टाफ कार्यरत है। वहीं, डंसा में 21 ट्रांसफार्मरों के लिए भी एक टी मेट कार्यरत है। जल शक्ति विभाग में 16 में ये 9 जेई के पद खाली हैं। ननखड़ी पुलिस थाने में 30 में से 16 पद खाली पड़े हैं। स्वास्थ्य विभाग में भी स्टाफ की भारी कमी चल रही है। इतना ही नहीं ननखड़ी में खंड विकास अधिकारी का पद भी खाली चल रहा है। कौल ने कहा कि जब रामपुर विस क्षेत्र में इतने अधिक पद खाली चल रहे हैं, तो आम आदमी को कैसे राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले शांदल-बाहलीधार सड़क पर जो दुर्घटना हुई, वो भी सड़क की खस्ता हालत के कारण हुई है। इस सड़क पर चार पहिया गाड़ियां भी मुश्किल चल पा रही हैं। वहीं, सेरीपुल और गानवी में पिछली बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को अभी तक ठीक नहीं किया गया है। ऐसे में दो महीने बाद फिर से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। जल्द भाजपा इन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेगी।