प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत डीपीआर तैयार करने में जुटा लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
पांच किलोमीटर सड़क का सुधारीकरण होने से हजारों किसानों-बागवानों को मिलेगा बेहतर लाभ संवाद न्यूज एजेंसी डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर से मकड़ौली वाया शिंगला गुजरने वाली सड़क के पांच किलोमीटर हिस्से का ऊमरी से आगे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कायाकल्प होगा। लोक निर्माण विभाग डीपीआर तैयार करवाने में जुटा हुआ है। उमरी-मकड़ौली सड़क से रोजाना तीन पंचायतों के हजारों ग्रामीण छोटे-बड़े वाहनों में सफर करते हैं। उमरी से मकड़ौली तक सड़क की हालत बेहद खराब है। कई साल से ग्रामीण लोक निर्माण विभाग और प्रदेश सरकार से सड़क को सुधारने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन सड़क की हालत जस की तस है। हालांकि, उमरी से बेसडी तक कुछ साल पूर्व लोक निर्माण विभाग ने टारिंग की है, लेकिन दो किलोमीटर के हिस्से की हालत बेहद खराब है। बरसात के मौसम में सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल किए जाने से अब सड़क के सुधारीकरण की ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। सागी राम, टीकम दास, चरण दास, आत्मा राम, खूब राम, दौलत राम, गरीब दास और काम राज सहित अन्य ग्रामीणों ने सड़क के नवीनीकरण प्रक्रिया को अंजाम दिए जाने पर सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सड़क पर यात्रा करना आरामदायक साबित होगा। किसानों और पशुपालकों को तैयार उत्पाद को मंडियों तक पहुंचाने में आसानी रहेगी। इस सड़क से उमरी, ऊरु, बेसडी, धार, कुटू, ओडी, कटैडी, कठीसरी, पाटी और कशोग की तरफ जाने वाले हजारों लोग लाभान्वित होंगे। सड़क पर शिंगला, डंसा और लालसा पंचायत के लोग रोजाना भारी संख्या में सफर करते हैं।
उमरी-मकड़ौली सड़क का सुधारीकरण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत प्रस्तावित है। इसकी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद जताई कि जल्द बजट की स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी l - बृजलाल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर