जून माह तक योजना का निर्माण पूरा करेगा जल शक्ति विभाग
विज्ञापन
8.50 करोड़ से बन रही योजना से हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद के पुनर्सीमांकन के बाद बने चार नए वार्डों में से दो वार्ड की जनता को तो सीवरेज प्रणाली का लाभ मिलना शुरू हो गया है, लेकिन अब शेष बचे अन्य दो वार्ड भी जल्द सीवरेज योजना से जुड़ेंगे। नगर परिषद के अप्पर डकालेढ़ और लोअर डकोलढ़ दो वार्डों के हजारों लोगों को जल्द योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इन दिनों योजना का कार्य अंतिम चरण में है। गौर हो कि नगर परिषद रामपुर का वर्षों पूर्व पुनर्सीमांकन कर चार नए वार्ड बनाए गए थे। नए बने वार्ड आठ चूहाबाग और वार्ड नौ खनेरी बीते वर्ष सीवरेज प्रणाली से जुड़ गए हैं, जबकि डकोलढ़ क्षेत्र के दो वार्ड छह और सात अभी तक सीवरेज प्रणाली से वंचित हैं। भूस्खलन प्रभावित इस क्षेत्र में पहले भी भूमिगत सीवरेज टैंकों के निर्माण के कारण भूस्खलन के घटनाएं पेश आ चुकी हैं। इसे देखते हुए यहां सीवरेज प्रणाली की अहम जरूरत है। समय के साथ-साथ यहां भवनों और आबादी की संख्या बढ़ी है। इन दोनों वार्डों को सीवरेज प्रणाली से जोड़ने का कार्य जल शक्ति विभाग कर रहा है और इन दिनों योजना का कार्य अंतिम चरण में है। विभाग करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से दो वार्डों के लिए सीवरेज प्रणाली तैयार कर रहा है। योजना के तहत करीब 200 घरों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इन दिनों घरों को पाइपलाइन और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य अंतिम चरण में है। विभाग ने कार्य समाप्ति का लक्ष्य जून माह निर्धारित किया है। योजना का कार्य पूरा होते ही दोनों वार्डों के हजारों लोगों को सीवरेज प्रणाली का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
नगर परिषद के दो वार्डों के लिए 8.50 करोड़ रुपये योजना तैयार की जा रही है। जून माह तक योजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जल्द ही दोनों वार्डों के लोगों को सीवरेज प्रणाली का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - आरएस नेगी, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग रामपुर