रोहड़ू। इस साल कम हिमपात हुआ। इसके बावजूद सरकार की ओर से बर्फ के दौरान सड़कें बहाल करने के लिए खरीदी गई स्नो ब्लोअर मशीन हांफ गई है। अभी डोडरा क्वार सड़क वाहनों के लिए हिमपात के बाद बहाल नहीं हुई है। मशीन खराब होने के बाद लोक निर्माण विभाग जेसीबी से बर्फ हटा रहा है। सरकार ने पिछले साल दिसंबर में करीब दो करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से खरीदी ट्रक-माउंटेड स्नो ब्लोअर मशीन एक चंबा के पांगी व दूसरी रोहडू लोक निर्माण विभाग के डिवीजन में तैनात की थी। इन मशीनों को सर्दियों के दौरान भारी हिमपात के कारण अवरुद्ध सड़कों को तेजी से खोलने में सहायक बताया गया था। इससे पहले सड़कों से बर्फ हटाने के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग किया जाता था। नई स्नो ब्लोअर मशीन की सहायता से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से किया जाना था और सड़कों को जल्द बहाल करना था। विभाग ने दावा किया था कि इससे न केवल सड़कों की व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि लोगों की आवाजाही और आपातकालीन सेवाएं भी बेहतर तरीके से संचालित हो सकेंगी। लोक निर्माण विभाग के रोहड़ू डिवीजन में तैनात मशीन का इस बार कम हिमपात में पूरा उपयोग नहीं हो सका। अब डोडरा क्वार मंडल को चांशल घाटी पर कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में बर्फ हटाने के लिए तैनात किया गया, तो कुछ घंटे बाद ही मशीन खराब हो गई। खराब होने के बाद कई दिन का समय निकल गया अभी तक कंपनी की ओर से मशीन को ठीक नहीं किया जा रहा। इस कारण सड़क को बहाल करने में पूर्व की तर्ज पर समय लगने वाला है। चांशल घाटी पर करीब साफ फीट तक ताजा हिमपात डोडरा क्वार सड़क पर जमा है।
ट्रक-माउंटेड स्नो ब्लोअर मशीन को खराब होने के बाद कंपनी ठीक करने के लिए अपने सर्विस सेंटर में ले गई है। मशीन लोनिवि के रोहडू डिविजन के अधीन है। डोडरा क्वार सड़क बहाल करने के लिए डोडरा क्वार लोनिवि डिविजन ने मांगी थी। लेकिन कुछ घंटे काम करने के बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई थी। मशीनों की देखरेख कंपनी कर रही है। नरेंद्र नायक एक्सईएन लोनिवि डोडरा क्वार मंडल