आनी में ट्रैरफ़क व्यवस्था चरमराई
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। आनी कस्बे में ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। हालत यह है कि जाम से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों को हर रोज जूझना पड़ता है। सोमवार को तो हालत और भी खराब हो जाते हैं। इस वजह से लोगों को गंतव्यों के लिए दो घंटे पहले ही घरों से निकलना पड़ता है।
सोमवार को आनी में करीब डेढ़ घंटे तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। इसके चलते लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ी। मजबूरी में स्कूल के विद्यार्थियों को तीन किलोमीटर चलकर स्कूल पहुंचना पड़ा। इसके अलावा सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी भी पैदल ही अपने कार्यालय तक पहुंचे। इसके चलते लोगों में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। बीते दिनों एसडीएम आनी ने ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए बैठक भी बुलाई थी, लेकिन इसके बावजूद अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया। आनी के व्यापारी घनश्याम ठाकुर ने बताया कि कि यहां हर रोलज जाम की परेशानी रहती है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था में इसमें सुधार करने की मांग की है। स्थानीय निवासी संजीव आर्यन ने कहा कि जाम की समस्या प्रतिदिन रहने से स्कूली बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने में भारी परेशानियां पेश आ रही हैं। बच्चों की परीक्षाएं भीसिर पर हैं। ऐसे में उन्होंने पुलिस प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त बनाने की मांग की है।
गुलाब ठाकुर ने बताया कि आनी के बस अड्डे से बराड़ क्षेत्र तक कई जगहों पर लोगों की बेतरतीब ढंग से गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इस वजह से ट्रैफिक जाम लगा रहता है। ट्रैफिक समस्या से निजात के लिए पुलिस को विशेष योजना बनाने की जरूरत है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा का कहना है कि जाम की समस्या में सुधार के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।