करीब आधा दर्जन से अधिक पेड़ कटे, वन विभाग की टीम जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। कल्पा खंड के सापनी पंचायत के तहत कनेई मोड़ वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर सी 143 यूपीएफ में आधा दर्जन से अधिक बान के पेड़ों का अवैध कटान हुआ है। वन विभाग की टीम मौके पर जांच करने में जुट गई है।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने वन विभाग को गुप्त सूचना दी। सूचना मिलते ही वन खंड अधिकारी राजेंद्र सिंह, बीट गार्ड शोंग राजेश और फायर वॉचर अजीत कुमार मौके पर पहुंचे। करीब आधा दर्जन से अधिक बान के पेड़ काटे गए हैं। विभाग का कहना है कि कुछ पेड़ मलकियत भूमि में काटे गए हैं। उधर, वन खंड अधिकारी कड़छम राजेंद्र सिंह ने कहा कि पेड़ों के काटने की सूचना मिली है। राजस्व और वन विभाग की टीम संयुक्त निरीक्षण करेगी, जिसके बाद सही तरीके से पता चल सकेगा कि कितने पेड़ मलकियत, कितने पेड़ नौतोड़ और कितने पेड़ वन विभाग की भूमि में काटे गए हैं।