उरनी ढांक के नजदीक एनएच पांच पर बना लोहे का पुल
- फोटो : RAMPUR-HP
सांगला/रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले के टापरी में एनएच पांच पर बने वैली ब्रिज का मरम्मत कार्य 20 अप्रैल से शुरू होगा। 10 दिन तक वाहनों की आवाजाही उरनी वाया चोलिंग मार्ग तक होगी। तकनीकी दल की ओर से पुल को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
गौर हो कि किन्नौर जिले के एनएच पांच टापरी में सतलुज पर बने 190 फुट लंबे वैली ब्रिज की एनएच प्राधिकरण की ओर से मरम्मत प्रस्तावित है। 20 अप्रैल से पुल जिले के लोगों सहित देश विदेश के पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा। यात्रियाें को उरनी वाया चोलिंग वैकल्पिक मार्ग होकर आवाजाही करनी होगी।
10 दिन तक चलने वाले इस मरम्मत कार्य के कारण लोगों को करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना होगा। ज्ञात रहे कि मार्च माह में ऊपरी पहाड़ी से चट्टानें दरककर कर पुल पर आ गिरी थी, जिससे वैली ब्रिज को क्षति पहुंची थी।
इसके बाद पुल के सही रखरखाव और मरम्मत के लिए तकनीकी दल मौके पर पहुंचा था। अब पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। 10 दिन के भीतर तकनीकी दल पुल का दुरुस्त कर आवाजाही के लिए शुरू कर देगा।
एनएच प्राधिकरण की कनिष्ठ अभियंता दिव्या मेहता ने कहा कि तकनीकी टीम ने टापरी पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। यह कार्य 10 दिन तक चलेगा और इस दौरान वाहनों की आवाजाही उरनी वाया चोलिंग वैकल्पिक मार्ग से होगी।
वहीं, उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा ने बताया कि पुल की मरम्मत को लेकर 20 से 30 अप्रैल तक यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।