आरटीओ के निर्देशों के बाद भी न पहन रहे वर्दी और न ही नेम प्लेट
ओवरलोडिंग और चालकों की मनमानी पर भी नहीं कसी जा रही नुकेल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में ऑटो चालकों की मनमानी का सिलसिला जारी है। बात चाहे एनएच-पांच पर यू टर्न की हो, चालकों के लिए तय मापदंड या ड्रेस कोड की, इन सभी नियमों की शहर में धज्जियां उड़ती देखी जा सकती हैं। ऑटो चालकों की मनमानी और ओवरलोडिंग पर न तो परिवहन विभाग, न पुलिस और न ही स्थानीय प्रशासन आज दिन तक उचित कार्रवाई अमल में ला पाया है।
वर्तमान समय में रामपुर में करीब 200 ऑटो रिक्शा हैं। बीते वर्ष क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रामपुर ने ऑटो यूनियन को चालकों को वर्दी पहनने और नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन ऑटो चालकों ने कुछ दिन तक तो वर्दी पहनी, लेकिन नेम प्लेट नहीं लगाई। ऑटो रोजाना सवारियों से खचाखच भरे रहते है
। कोरोना काल में स्थानीय प्रशासन ने ऑटो के किराये में बढ़ोतरी करने के साथ केवल तीन लोगों को ही बैठाने की हिदायत दी थी, लेकिन वर्तमान समय में एक ऑटो में छह-सात लोग देखे जा सकते हैं। रामपुर से रचोली और शिंगला की ओर अधिकतर ऑटो चालक जाने से कन्नी काट लेते हैं। रामपुर में नेशनल हाईवे पांच पर रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। शहर में यूटर्न पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है, लेकिन ऑटो चालक मनमाने तरीके से एनएच पर यूटर्न ले लेते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। ऑटो यूनियन रामपुर के महासचिव मस्तराम ने बताया कि ऑटो चालकों को वर्दी पहनने, नेम प्लेट और ओवरलोडिंग को लेकर जागरूक किया जाता है। इसके बाद भी यदि कोई नियम दरकिनार कर रहा है, तो उस पर परिवहन विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऑटो चालक रचोली या फिर शिंगला जाने से मनाही करता है तो उसकी शिकायत की जा सकती है।
उधर, कार्यवाहक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जसपाल नेगी ने बताया कि ऑटो चालकों को जागरूक किया जा रहा है। नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के चालान काटे जाएंगे।