भावानगर (किन्नौर)। जिले के काफनू-क्राबा संपर्क मार्ग पर प्रशासन ने आगामी आदेश तक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यांगपा फर्स्ट गांव में कोरोना पॉजिटिव मामले बढ़ने से प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन में और अधिक सख्ती बढ़ाने के साथ ही काफनू-क्राबा संपर्क सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। इस संबंध में एसडीएम भावानगर मनमोहन सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं।
एसएचओ भावानगर को इस आदेश को सख्ती के साथ लागू करने का कहा गया है। ये आदेश प्रशासन ने मजिस्ट्रेट ऑन ड्यूटी तहसीलदार प्रेम सरिता और निगरानी अधिकारी डॉ. कवि राज नेगी के सुझाव पर दिए हैं। यांगपा रोड पर सुबह पांच से रात 9 बजे तक पुलिस ने नाका लगा कर पहरा देना शुरू कर दिया है। रात के समय पुलिस मुस्तैदी के साथ गश्त कर रही है। एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि यांगपा फर्स्ट में कोरोना मामले बढ़ने से काफनू यांगपा सड़क को पूरी तरह सील कर दिया है।
जिन दस कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर जा कर दवाई दे रही है। पुलिस की ओर से किसी भी वाहन को यांगपा गांव की ओर प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है। एसडीम मनमोहन सिंह ने कहा कि काफनू-क्राबा की ओर आपातकालीन परिस्थिति में जाना हो तो उसे कर्फ्यू पास बनाने के बाद ही जाने दिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों से बाहर निकलते समय सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखें और मास्क अवश्य पहनें।