रोहडू। रोहड़ू बाजार में अब जाम नहीं लगेगा। दो अक्तूबर से सड़क किनारे वाहन नजर नहीं आएंगे। अगर कोई ऐसा करता है तो कार्रवाई होगी। बाजार में पटरी से उतर चुकी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। व्यापारियों, नप और पुलिस प्रशासन के साथ बैठक में बाजार में ट्रैफिक के नए प्लान पर चर्चा की गई। बैठक एसडीएम रोहडू बीआर शर्मा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में तय किया गया कि गांधी जयंती के दिन से बाजार में कोई वाहन सड़क के किनारे नजर नहीं आएगा। दिन भर पुलिस सड़क पर नजर रखेगी। अगर कोई वाहन दिखता है तो कार्रवाई की जाएगी। रोहडू बाजार में सड़क के किनारे बेरोकटोक वाहन पार्क रहते हैं। इससे जाम लग जाता है। रेहड़ी और फड़ी वालों को भी सड़क के किनारे कोई स्थान नहीं मिलेगा। बैठक में तय किया गया दुकानों के सामने केवल तीन से पांच मिनट के लिए केवल ग्राहकों को सामान वाहन में रखने का समय मिलगा। दुकानदारों की लोडिंग और अनलोडिंग का समय शाम आठ बजे से सुबह आठ बजे के बीच रहेगा। बैठक में डीएसपी सुनील नेगी ने पुलिस के जवानों को निर्देश जारी किए कि बाजार में यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। पुलिस बाजार के कुछ चयनित स्थानों पर शीघ्र सीसीटीवी कैमरे भी लगा रही है। उन्होंने व्यापारियों से भी इस मुहिम में सहयोग की मांग की।
बैठक में नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित नेपटा ने कहा व्यापार मंडल बैठक में लिए गए सभी फैसलों पर सहमत है। बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष रंजना रेटका, ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बांष्टू, तहसीलदार रोहडू जसमेर सिंह, एसडीओ लोनिवि नरेंद्र नायक मौजूद रहे।
---
सड़कों पर रेहड़ी-फड़ी वालों का कब्जा, लग रहा है जाम
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। बाजार में रेहड़ी-फड़ी धारकों के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी हैप्पी मेहता ने कहा कि रेहड़ी-फड़ी धारक सड़क किनारे कारोबार कर रहे हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार जाम लग रहा है। कुछ समय पहले बारिश से मीट मार्केट के सामने एक खंभा गिर जाने से बिजली की केबल टूट गई। मीट मार्केट से चौहान कांप्लेक्स तक बिजली की केबल सड़क पर पड़ी है। इसे अभी तक हटाया नहीं गया है। रोहडू बजार में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पहले भी दर्जनों बैठकें हो चुकी हैं। अभी तक बैठकें बेनतीजा रही हैं। प्रशासन की ओर से सड़क पर लगाए गए डिवाइडर से लोगों को जरूर सुविधा हुई पर दोनों ओर खडे़ वाहन इसमें आडे़ आ रहे रहे हैं। एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।