ठियोग (रामपुर बुशहर)। ऊपरी शिमला के ठियोग में बाईपास की कमी लोगों को खासी खलती है। हालांकि, बाईपास निर्माण कार्य जारी है लेकिन जिस रफ्तार से यह कार्य हो रहा है उससे लगता नहीं कि वर्षों तक यह बाईपास बनकर तैयार हो पाएगा।
शनिवार सुबह करीब ग्यारह बजे रहीघाट से नंगल देवी और रहीघाट से बाजार की तरफ दोनों ही ओर जाम लग गया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कछुआ चाल से चल रहेे वाहनों के कारण लोगों को डेढ़ किलोमीटर के सफर को खासा समय लग गया। यहां सड़क खस्ताहाल होने के कारण वाहनों की रफ्तार थम जाती है। इसके चलते अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। शनिवार को ट्रक यूनियन के सामने सेब से लदा ट्रक बीच सड़क में खराब हो गया, जिसके चलते जाम लग गया। हालांकि, जाम की स्थिति को संभालने के लिए पुलिस के जवान कड़ी मशक्कत करते नजर आए। स्थानीय निवासी सुनील खाची, महेंद्र, बबलू, रमेश और भगत राम ने बताया कि ट्रक के खराब होने के कारण भले ही जाम लगा हो, लेकिन प्रशासन को इसके लिए पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।