नेरवा (रोहड़ू)। दयांडली नाले में बाढ़ आने से पुराना बस अड्डा नेरवा के नजदीक बनी पार्किंग और बसों के खड़ा होने की जगह के बह जाने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बाजार के लोगों समेत आम वाहन मालिकों के सामने अपने वाहन पार्क करने की समस्या खड़ी हो गई है। पार्किंग के बाढ़ की चपेट में आने के बाद लोग नेरवा बाजार की सड़क पर दोनों ओर वाहन पार्क कर रहे हैं।
दुकानों के आगे गाड़ियों के खड़ा होने से कारोबारी परेशान हो गए हैं। नेरवा की सड़कों पर यातायात बढ़ने से जाम की समस्या पैदा हो गई है। बस अड्डे पर बसें खड़ी करने की जगह के नाले के बह जाने से भी लोगों को दिक्कत हो रही है। इस स्थान पर आधा दर्जन से अधिक बसें खड़ी होती थीं। बाढ़ में बहने के बाद यहां पर केवल एक बस के खड़ा होने की जगह बची है। इस स्थान पर बसें खड़ी न होने से जुब्बल, रोहड़ू, हरिद्वार, विकास नगर, पांवटा, रास्त, धार चांदना, कुपवी, टिकरी, थरोच और केदी आदि की ओर जाने वाली सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने बस अड्डे पर बसें खड़ी न हो पाने से एचआरटीसी के राजस्व में भी प्रतिदिन हजारों का घाटा होगा। स्थानीय लोगों ने सरकार और उपमंडल प्रशासन से गुहार लगाईं है कि दयांडली नाले के किनारे डंगा लगा कर इस स्थान को फिर से बसों और दूसरे वाहनों को पार्क करने के लिए तैयार किया जाए।