एसडीएम की ओर से सूची की जा रही तैयार, कार्रवाई के लिए उपायुक्त को भेजी जाएगी
विज्ञापन
प्लॉट खरीदकर दूसरे व्यापारियों को देने वाले छह लोगों की सिक्योरिटी जब्त, आवंटन रद्द
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के बाजार में कई कारोबारियों ने प्लॉट सबलेट किए हैं, जिस पर उपमंडलीय प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने मेला मैदान में सबलेटिंग की जांच की। इसके बाद सबलेटिंग में संलिप्त लोगों को पांच साल के लिए ब्लैक लिस्ट करने का निर्णय लिया है। एसडीएम रामपुर की ओर से सबलेटिंग करने वालों की सूची तैयार की जा रही है। यह सूची मेला कमेटी अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी। वहीं, मेले में प्लॉट खरीदकर दूसरे व्यापारियों को देने पर छह लोगों की सिक्योरिटी जब्त कर ली गई है, जबकि मेले की समाप्ति तक आवंटन रद्द किया गया है। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में चलने वाले सबलेटिंग के खेल को रोकने के लिए पहली बार उपमंडलीय प्रशासन ने कार्रवाई की है। मेले में पहली बार एसडीएम रामपुर ने प्लॉट आवंटन कमेटी के साथ बुधवार को मेला मैदान में प्लॉटों की बारीकी से जांच की और व्यापारियों को वितरित प्लॉटों के दस्तावेज जांचे। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने जांच के दौरान कई प्लॉटों की सबलेटिंग पाई। जांच में सामने आया है कि कई स्थानीय लोगों ने प्लॉट खरीदे और व्यापारियों को महंगे दामों पर बेचे। उपमंडलीय प्रशासन इन लोगों को चिह्नित कर सूची तैयार कर रहा है, जिसे उचित कार्रवाई के लिए मेला कमेटी अध्यक्ष को भेजा जाएगा। प्रशासन ने सबलेटिंग में संलिप्त लोगों को अगले पांच साल तक ब्लैक लिस्ट करने का निर्णय लिया है। ऐसे लोगों को अब अगले पांच साल तक प्लॉट आवंटन प्रक्रिया में भाग लेने नहीं दिया जाएगा। वहीं, एसडीएम की जांच में कुछ ऐसे प्लॉट भी मिले, जो बिक तो गए थे, लेकिन इन प्लॉटों में बैठे व्यापारियों के पास जांच के दौरान पर्ची नहीं मिली। पूछताछ में इन व्यापारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने ये प्लॉट खरीद हैं और उन्हें यहां बिठाया है। ऐसे छह प्लॉट हैं, जिसकी सिक्योरिटी प्रशासन ने जब्त कर ली है। इन प्लॉटों पर बैठे व्यापारियों को भी हटाया गया है। मेला समिति ने स्पष्ट किया है कि अब इस स्थान पर मेला समाप्ति तक कोई प्लॉट नहीं लग पाएगा और न ही यहां व्यापार करने की अनुमति रहेगी।
सबलेटिंग करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेले में सबलेटिंग के कई मामले सामने आए हैं। सबलेटिंग करने वालों को अगले पांच साल तक ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। इसकी सूची उपायुक्त शिमला को भेजी जाएगी। मेले में छह प्लॉटों की सबलेटिंग करने वाले स्थानीय लोगों की सिक्योरिटी जब्त की गई है। इस जगह पर प्लॉट नहीं सजने दिए जाएंगे। -हर्ष अमरेंद्र सिंह, एसडीएम