आनी में फार्मासिस्टों की भारी कमी, स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
विज्ञापन
सिविल अस्पताल में 3 सृजित पदों में सभी रिक्त
आठ स्वास्थ्य संस्थानों में एक भी फार्मासिस्ट नहीं
हरिकृष्ण शर्मा
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल के स्वास्थ्य ढांचे की हालात लगातार चिंताजनक होती जा रही है। आनी के अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचने वाले बीमारों को मुश्किलों से दो चार होना पड़ रहा है। पूरे आनी ब्लॉक के दस स्वास्थ्य संस्थानों में फार्मासिस्टों के 11 पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। हाल यह है कि दवा वितरण जैसा महत्वपूर्ण कार्य महज दो फार्मासिस्टों के सहारे चल रहा है। इससे मरीजों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सिविल अस्पताल आनी में चीफ फार्मासिस्ट समेत तीन पद स्वीकृत हैं, लेकिन ये सभी पद पिछले पांच वर्षों से खाली पड़े हुए हैं। ऐसे में अस्पताल में दवा प्रबंधन से लेकर स्टॉक मेंटेनेंस और वितरण तक का कार्य वर्षों से प्रभावित हो रहा है। दवाइयों की उपलब्धता और उनके सही रखरखाव में आ रही बाधाओं से मरीजों को इलाज में देरी झेलनी पड़ रही है। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दलाश में दो पद स्वीकृत हैं। इनमें से एक पद अभी तक नहीं भरा गया है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है। आनी उपमंडल में सरकार की ओर से स्थापित आठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में से केवल लूहरी पीएचसी में फार्मासिस्ट है, जबकि चवाई, खनाग, लगौटी, डिगेड़, श्वाड, कुंगश और कोठी पीएचसी में एक भी फार्मासिस्ट नहीं है। ये पद भी कई वर्षों से रिक्त चल रहे हैं, जिससे ग्रामीण आबादी को बुनियादी दवा सेवाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। संवाद
सरकार जल्द भरे रिक्त पद : विधायक लोकेंद्र
आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार ने इस स्थिति पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आनी वासियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि क्षेत्र के सभी रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें।
विज्ञापन
उच्चाधिकारियों को भेजी जानकारी
खंड चिकित्सा अधिकारी आनी डॉ. भागवत मेहता ने बताया कि रिक्त पदों की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।