सीएम सुक्खु करेंगे उद्घाटन
शिलारू मंडी का भी होगा ऑनलाइन उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री भी दौरे में रहेंगे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग( रामपुर बुशहर) । पिछले कई वर्षों से ठियोग बस अड्डे के उद्घाटन का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। 18 जून को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू का ठियोग दौरा प्रस्तावित है। उसी दिन वे इस अड्डे को लोगों को समर्पित करेंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री शिलारू मंडी का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे।
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री के इस दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
बगीचों से सेब बिक्री पर रोक की खबर भ्रामक
राठौर ने सोशल मीडिया पर चल रही उस अफवाह को खारिज किया जिसमें सरकार द्वारा बगीचों से सीधे सेब बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह खबर भ्रामक और सरासर झूठी है। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से हुई बातचीत में यह स्पष्ट हुआ कि सरकार ने ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया कि मान्यता प्राप्त लाइसेंसधारी आढ़तियों को ही सेब बेचे, ताकि उन्हें ठगी का शिकार न होना पड़े।
विधायक ने बताया कि ठियोग कस्बे के लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। बस अड्डे की प्रवेश और निकासी सड़कों को अलग करने पर भी विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ठियोग में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से अमृत पेयजल योजना पर कार्य चल रहा है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि एनएच की मरम्मत के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राठौर ने कहा कि ठियोग सिविल अस्पताल में दो वर्षों से लंबित अल्ट्रासाउंड मशीन की मांग जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में अगली खेप की सबसे पहली मशीन ठियोग में स्थापित की जाएगी। सड़क बहाली को लेकर भी उन्होंने जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की।