केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय समारोह में दिया सम्मान
विज्ञापन
ठियोग (रामपुर बुशहर)। भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से घोषित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में हिमाचल प्रदेश के ठियोग कस्बे को राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वीरवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के दौरान ठियोग नगर परिषद को प्रदान किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित थे। यह सम्मान स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत शहरी स्वच्छता और सफाई के क्षेत्र में ठियोग के उत्कृष्ट प्रयासों को दर्शाता है। यह पुरस्कार निदेशक शहरी विकास डॉ. नीरज चड्ढा, विशेष सचिव सौरभ जस्सल, नगर परिषद ठियोग के अध्यक्ष अनिल ग्रोवर, कार्यकारी अधिकारी डॉ. वरुण शर्मा और पार्षद विवेक थापर ने प्राप्त किया। टीम ने सभी निवासियों को बधाई दी है और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
ठियोग में स्वच्छता पर ऐसे होता है काम
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एवं अध्यक्ष अनिल ग्रोवर ने बताया कि कस्बे सात वार्डों को साफ-सुथरा रखने के लिए घरों से सूखा-गीला कचरा और महिलाओं के सेनिटरी नेपकिन को अलग-अलग हिस्सों और तरीकों से इकट्ठा किया जाता है। वार्ड-दो में रसोईघर से निकलने वाले खाद्य पदार्थ के कचरे से कंपोस्ट ऑर्गेनिक खाद बनाई जाती है। प्लास्टिक के कचरे को अलग कर छोटे टुकड़ों में बांटकर दाड़लाघाट सीमेंट फैक्टरी में भेजा जाता है। सेनिटरी नेपकिन और पेड़ों के अवशेष को अर्की स्थित फैक्टरी में भेजा जाता है। नगर परिषद की ओर से महिला मंडलों के प्रतिनिधियों को जनता सफाई के लिए जागरूक करने के लिए घर द्वार भेजा जाता है। इसके अलावा अलग-अलग वार्डों में स्वयंसेवियों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया जाता है। यह अवॉर्ड जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं है।
विज्ञान भवन दिल्ली में ठियोग नगर परिषद प्रदेश में सबसे स्वच्छ क़स्बे का अवार्ड प्राप्त करते हुए