राहुल और मैक्सी चुने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। तकलेच में महासू क्रिकेट क्लब (एमसीसी) थेडा की क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को पहला मैच एमसीसी थेडा और वाईसीसी रडोली के बीच खेला गया। थेडा ने निर्धारित सात ओवरों में चार विकेट गंवाकर 69 रन बनाए।
राकेश जिहान ने शानदार 33 रन और रॉकी ने भी 30 रन का योगदान टीम को दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रडोली की टीम 48 रन पर ढेर हो गई। थेडा की ओर से राहुल जिहान ने घातक गेंदबाजी की और दो ओवर में 9 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। दूसरा मैच केएफसी चाटी और बादशाह बॉयज सेरी-मझाली टीम के बीच खेला गया। बादशाह बॉयज ने सात ओवरों में दो विकेट गंवाकर 114 रन बनाए। मैक्सी ने ताबड़तोड़ 87 रन की नाबाद पारी खेली और तीन विकेट भी लिए। मैक्सी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। केएफसी चाटी की टीम ने पांच विकेट खोकर 86 रन बनाए। बादशाह बॉयज ने 28 रन से मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश पाया।
क्लब के अध्यक्ष सोनू मजटू और उपाध्यक्ष रॉकू जिहान का कहना है कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,33,000 नकद राशि एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 61 हजार की राशि एवं ट्रॉफी से नवाजा जाएगा।