कार्यकारी अधिकारी और शहरी विकास विभाग के निदेशक को भेजा शिकायत पत्र
नप के सहायक और कनिष्ठ अभियंता पर समय पर बिल की अदायगी न करने के लगाए आरोप
एक सप्ताह की दी मोहल्लत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद क्षेत्र में किए विकास कार्यों की अदायगी न होने पर ठेकेदार यूनियन भड़क गई है। यूनियन ने एक सप्ताह में बिल पास न होने पर सामूहिक रूप से कार्य बंद करने की धमकी दी है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर यूनियन ने सहायक और कनिष्ठ अभियंता की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी और शहरी विकास विभाग के निदेशक को शिकायत पत्र सौंपकर ठेकेदारों ने सामूहिक रूप से काम बंद करने की चेतावनी दी है। शिकायत पत्र के जरिये ठेकेदार यूनियन ने कहा कि नगर परिषद में कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता ठेकेदारों के बिलों को समय पर नहीं बना रहे हैं। यहां तक कि छह माह के बाद भी कई बिल फाइलों में ही घूम रहे हैं। इस कारण ठेकेदारों पर वित्तीय समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी इस मांग को पूरा नहीं किया गया तो वो सभी निर्माण कार्यों को बंद कर देंगे। यूनियन ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि जब नप के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता बिलों में देरी कर रहे हैं। इससे पहले भी नगर परिषद के हाउस में यह बात रखी गई थी। इसके बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। यूनियन ने कहा कि नप एक तरफ से ठेकेदार पर नया काम शुरू करने का दबाव डालती है, जबकि पिछले बिल 6-6 माह से लटके हुए हैं।
ठेकेदार यूनियन के अध्यक्ष विवेक शर्मा ने कहा कि जिस कार्य को उन्होंने समय रहते पूरा कर दिया है, उसके सामान का भुगतान उन्होंने अपनी जेब से किया है। मजदूरों का भुगतान भी उन्होंने पहले ही कर दिया है। नगर परिषद उन बिलों को बनाने में कई माह लगा रही है। इस कारण ठेकेदार आर्थिक समस्याएं झेल रहे हैं। उन्होंने चेताया है कि यदि इस बार भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे नगर परिषद के अधीन चल रहे सभी निर्माण कार्यों को बंद कर देंगे।
ठेकेदार यूनियन का शिकायत पत्र मिला है। जेई को एक सप्ताह का नोटिस दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर सभी बिल निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
-बीआर नेगी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद
ढील पर 6 ठेकेदारों से काम लिए वापस
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में ढील बरतने वाले 6 ठेकेदारों से काम वापस लिए हैं। इन कार्यों के फिर से टेंडर करवाए जा रहे हैं। काम में लेटलतीफी बरतने वाले ठेकेदारों को ये कार्य आवंटित नहीं होंगे।