17 किमी सड़क की हालत सुधरने से हजारों ग्रामीणों को मिलेगी राहत
प्रमुख पर्यटन स्थल सराहन पहुंचने वाले पर्यटकों को भी मिलेगा लाभ
मोहन मेहता
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल सराहन को जोड़ने वाली ज्यूरी से सराहन तक 17 किलोमीटर लंबी सड़क का जल्द ही कायाकल्प होगा। कई सालों से सड़क की हालत बेहद खराब है। अब लोग निर्माण विभाग नाबार्ड के तहत इस सड़क को जल्द चकाचक करेगा। सड़क की हालत सुधरने से उप तहसील सराहन को जोड़ने वाली पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क के मरम्मत कार्य में 25 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़क को चौड़ा भी किया जाएगा। लोक निर्माण मंडल रामपुर ने सड़क की डीपीआर तैयार कर हिमाचल प्रदेश सचिवालय में एडवाइजर प्लानिंग को भेजी है। जहां प्रदेश प्लानिंग से डीपीआर क्लीयर होने के बाद नाबार्ड को जाएगी। सड़क की टारिंग की जाएगी और तीन मीटर की जगह पांच मीटर चौड़ी की जाएगी। साथ ही सड़क में नालियों और पैरापिट भी बनाए जाएंगे। यह सड़क काफी तंग है और कई जगह गड्ढों की भरमार है। हर साल सराहन भीमाकाली मंदिर के दर्शन और यहां की सुंदरता निहारने के लिए देश-विदेश से हजारों सैलानी पहुंचते हैं। धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क के तंग और खस्ताहाल होने से सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। सराहन में आईटीबीपी और एसएसबी की बटालियन मुख्यालय होने से भी इस सड़क का महत्व बड़ जाता है। वहीं सराहन क्षेत्र के सैकड़ों बागबानों को भी सेब सीजन में कई दिक्कतों का सामान करना पड़ता है।
ज्यूरी से सराहन तक सड़क को चौड़ा किया जाना है। इसमें सड़क की कटिंग, सुरक्षा दीवारें, टारिंग, पैरापिट और नालियां बनाई जाएंगी।
-गोवर्धन शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग सराहन
ज्यूरी से सराहन सड़क की 25 करोड़ 76 लाख की डीपीआर प्लानिंग ऑफिस शिमला भेजी गई है। सराहन सड़क को चौड़ा कर पांच मीटर किया जाएगा। डीपीआर शिमला प्लानिंग ऑफिस से फाइनल होते ही नाबार्ड को जाएगी।
- शक्ति नेगी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण मंडल रामपुर
- संवाद