नर्सिंग कॉलेज खनेरी की समस्याओं को लेकर खनेरी अस्पताल के एमएस को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी के कार्य
एबीवीपी ने मांगों को लेकर चिकित्सा अधीक्षक का सौंपा ज्ञापन
चेताया, जल्द समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एबीवीपी संगठनात्मक जिला रामपुर के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर स्थित नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान की प्रशिक्षुओं को पेश आ रही समस्याओं को लेकर रोष जताया है। इकाई ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोशन लाल कौंडल को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं का समाधान मांगा।
उन्होंने कहा कि एक ही कक्ष में 15- 15 छात्राओं को ठहराया जा रहा है, जिससे प्रतीक होता है संस्थान में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पूरे हॉस्टल में करीब 85 छात्राओं के लिए केवल एक ही शौचालय की व्यवस्था है, जो अत्यंत चिंताजनक है। प्रत्येक छात्रा से प्रतिमाह 3600 शुल्क वसूलने के बावजूद पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। बीते 19 साल से बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के एक ही ठेकेदार कैंटीन चला रहा है, जो पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि छात्राएं प्रशासनिक दबाव के कारण खुलकर अपनी समस्याएं रखने में असमर्थ हैं। यह स्थिति न केवल शिक्षा व्यवस्था, बल्कि छात्राओं के अधिकारों का भी उल्लंघन है। जिला संयोजक रवि वर्मा ने कहा कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परिषद आंदोलन करेगी। इस मौके पर युवराज सिंह, मीनाक्षी, सोनाली, हर्षित, रोहित और यशवंत सिंह सहित कई अन्य मौजूद रहे।