. सड़क पर निकासी के भी नहीं उचित प्रबंध, तंग हो रहा बस अड्डा
विज्ञापन
आवाजाही करने वाले वाहन और ग्रामीण झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी डंसा (रामपुर बुशहर)। विकास खंड रामपुर की डंसा पंचायत के जगूनी गांव में धंसती जा रही सड़क और सड़क के किनारे अवैध भवन निर्माण के चलते बस अड्डे में परेशानी बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि यहां वाहनों की आवाजाही जानलेवा बनी हुई है और वाहनों को पास लेने में भी खतरा बना रहता है। अवैध कब्जाधारकों पर न तो प्रशासन, न लोक निर्माण विभाग और न ही राजस्व विभाग कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण यहां लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उपमंडल रामपुर की डंसा पंचायत के जगूनी गांव में साल-दर-साल सड़क के साथ लोग अवैध रूप से मकान और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके चलते कुपड़ी बस अड्डा तंग होता जा रहा है। इससे गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। राहगीरों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ती हैं। वहीं, जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न किए जाने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। यह गंदा पानी सड़क के साथ लोगों के रिहायशी मकानों की ओर जा रहा है। वहीं, सड़क का करीब सौ मीटर हिस्सा धंसने से हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। बीते साल नवंबर में रामपुर डिपो की बस सड़क पर पलटने से बाल-बाल बची थी और बड़ा हादसा होते-होते टला। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने कोई सुध नहीं ली। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क के किनारे किए जा रहे अवैध कब्जों पर लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग से संयुक्त रूप से कार्रवाई की मांग की है।
विभाग ने उक्त स्थान पर ढह रही सड़क का प्राक्कलन तैयार कर उच्चाधिकारियों की संस्तुति के लिए भेजा है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी, तुरंत कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। बृज लाल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर