भावावैली में फागुली उत्सव के बाद स्वांग नृत्य की धूम
मुंह में मुखौटा, शरीर में बकरे की खाल और हाथ में तलवार लेकर घर-घर पहुंच रहे कलाकार
एक सप्ताह तक लोग घरों में नहीं करते शोर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/ भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर की भावावैली में एक सप्ताह तक मनाए गए फागुली उत्सव के बाद अब ऐतिहासिक स्वांग नृत्य की धूम है। मुंह में मुखौटा, शरीर में बकरे की खाल और हाथ में तलवार लेकर कलाकार लोगों के घर-घर जाकर स्वांग नृत्य कर रहे हैं। मान्यता है कि इस दौरान स्वर्ग लोक से परियां लोगों के घरों में मेहमान बनकर वास करती हैं। लोग उनकी पारंपरिक तरीके के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। स्वांग नृत्य के माध्यम से टाना निकालने से बुरी नजर या बुरी शक्तियां दूर भाग जाती हैं। लोग भी स्वांग नृत्य दल को उपहार स्वरूप कुछ पैसे और अनाज भेंट करते हैं। स्वांग नृत्य दल इन पैसों और अनाज को गांव के सभी लोगों के साथ खाने-पीने में खर्च करते हैं और मनोरंजन करते हैं। स्वांग नृत्य मनोरंजन नहीं, बल्कि किन्नौर की प्राचीन संस्कृति से जुड़ा उत्सव है। भावावैली के कानून, यांग्पा-1, यांग्पा-2, कटगांव और शांगो समेत अन्य गांवों में आज भी स्वांग बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। स्वांग नृत्य के दौरान एक सप्ताह तक लोग अपने घरों में न तो किसी प्रकार का वाद्ययंत्र बजाते हैं और न ही शोर-शराबा करते हैं। शांतिपूर्ण माहौल में लोग इस त्योहार को मनाते हैं। फागुली उत्सव के पहले दिन लोग अपने घरों में लाल मिट्टी की लिपाई कर साफ-सफाई करते हैं। इसके अगले दिन से घरों में अपने खेत से निकलने वाले अनाज के पकवान बनाकर अपने इष्ट देवी-देवताओं को अर्पित करते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं। लोग देवताओं से खेतों में अच्छी फसल होने की कामना करते हैं। इस दौरान पितरों की भी पूजा की जाती है। स्वांग नृत्य दल सर्व प्रथम स्थानीय देवता के मंदिर से इसका शुभारंभ करते हैं और मंदिर के कारदार टाना निकालते हैं। कारदार स्वांग नृत्य दल को उपहार स्वरूप कुछ और अनाज भेंट करते हैं। उसके बाद स्वांग नृत्य दल लोगों के घर-घर जा कर नृत्य करते हैं और उनका टाना निकालते हैं।