सीढि़यों के सहारे विभागों के कार्यालय पहुंच रहे दिव्यांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई ( रोहडू )उपमंडल मुख्यालय कोटखाई स्थित पांच मंजिला विकास भवन की लिफ्ट पिछले तीन-चार महीनों से बंद पड़ी है। इसके चलते विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को अपने कार्यों के लिए ऊपरी मंजिलों तक सीढ़ियों के सहारे पहुंचना पड़ रहा है।
विकास भवन में एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, खंड विकास कार्यालय, कृषि विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित कई सरकारी कार्यालय संचालित हैं। आम लोगों की सुविधा के लिए भवन में लिफ्ट स्थापित की गई थी, लेकिन लंबे समय से इसके बंद रहने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी संदीप गांगटा, अशोक जस्टा, रिंकू घालटा, मोहित नंदा, अंशुल रमदेईक, देशराज और सुभाष शर्मा ने बताया कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। लिफ्ट बंद होने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द लिफ्ट को सुचारु रूप से चालू कराने की मांग की है।
तहसीलदार कोटखाई उमेश शर्मा ने बताया कि लिफ्ट के संचालन के लिए तकनीशियन उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे चालू नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कोटखाई द्वारा नियुक्त तकनीशियन नौकरी छोड़कर चला गया है। नया तकनीशियन उपलब्ध होते ही लिफ्ट को दोबारा संचालित कर दिया जाएगा।....