विकास की बात : सीमा सड़क संगठन 30 करोड़ की लागत से करेगा सड़क के 42 किलोमीटर लंबे हिस्से का कायाकल्प
विज्ञापन
सांगला की 11 पंचायतों, देश-विदेश के पर्यटकों और सीमा पर तैनात सेना के जवानों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला(किन्नौर)। आखिर कई साल के इंतजार के बाद तिब्बत सीमा को जोड़ने वाली कड़छम-सांगला-छितकुल सड़क चकाचक होगी। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क के 42 किलोमीटर लंबे हिस्से का कायाकल्प करेगा। इसपर करीब 30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। संगठन ने सड़क का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। सांगला वैली के ग्रामीण लंबे अरसे से खस्ताहाल सड़क पर सफर करने को मजबूर थे। इस साल जनवरी में यह सड़क लोक निर्माण विभाग से सीमा सड़क संगठन के अधीन हुई थी और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की आस जगी थी। अब संगठन ने सड़क का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क की हालत सुधरने से सांगला वैली की 11 पंचायतों के ग्रामीणों, देश सीमा पर तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल और भारतीय सेना समेत देश-विदेश से प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला आने वाले पर्यटकों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। इन दिनों सड़क को चौड़ा करने और सोलिंग का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। आगामी सीजन में सड़क की मेटलिंग, टारिंग, निकासी नालियों और क्रेश बैरियर का कार्य होगा।
कड़छम-सांगला-छितकुल सड़क की हालत सुधारने का कार्य शुरू हो गया है। ठंडा मौसम होने की वजह से मेटलिंग और टारिंग का कार्य अभी संभव नहीं है। मौसम खुलते ही सड़क का कायाकल्प कर दिया जाएगा। प्रदीप सिंह, ओसी पोवारी, सीमा सड़क संगठन