ठियोग के नमाना में हुई घटना, प्राथमिक स्कूल को भी पहुंचा है नुकसान
विज्ञापन
एसडीएम ने खनन कार्य को पूरी तरह बंद करने का दिया आदेश माइनिंग अधिकारी को मौके का निरीक्षण करके खनन कार्य की वैधता जांचने के दिए निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग की क्यार पंचायत के नमाना वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्कूल में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राथमिक स्कूल नमाना के साथ लगती जगह पर चल रहे खनन कार्य के दौरान एक विशाल चट्टान लुढ़ककर सीधे स्कूल परिसर में आ गिरी। इससे स्कूल के साथ बना आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह ध्वस्त हो गया। प्राथमिक स्कूल के भवन को भी नुकसान पहुंचा है। आंगनबाड़ी केंद्र में छह बच्चे और प्राथमिक स्कूल में 20 से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। गनीमत रही कि रविवार होने के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद थे। यदि यह घटना स्कूल खुलने के समय होती, तो बच्चों और स्टाफ की जान को खतरा हो सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। सोमवार को स्थानीय महिलाएं और अभिभावक खनन कार्य को रुकवाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो ठेकेदार और वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने काम बंद करने से इन्कार कर दिया। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई। इसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। ठियोग के नायब तहसीलदार-सह-कार्यकारी मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद एसडीएम ने ठेकेदार की ओर से किए जा रहे खनन कार्यों को पूरी तरह बंद करने का आदेश जारी किया। साथ ही, इस आदेश को सख्ती से लागू करने और अगले आदेश तक किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा खनन अधिकारी शिमला को निर्देश दिया कि वे मंगलवार को साइट का निरीक्षण करें। खनन कार्यों की वैधता और सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जांच करें। इस कार्रवाई की रिपोर्ट जल्द एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए भी कहा। ठियोग बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और देहा के ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) को भी आंगनबाड़ी केंद्र नमाना और सरकारी प्राथमिक विद्यालय नमाना के बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उधर, देहा ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी राजेश ने बताया कि ठेकेदार ने दस दिनों के भीतर हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है।
नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी को मौके का निरीक्षण करने भेजा गया था। स्कूल के पास हो रहे खनन कार्य को पूरी तरह से बंद करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश को सख्ती से लागू करने को कहा है। जिला खनन अधिकारी को स्कूल पास हो रहे खनन कार्यों की वैधता और सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जांच करने के निर्देश दिए हैं। नमाना के आंगनबाड़ी और स्कूल के कर्मचारियाें सहित बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - शशांक गुप्ता, एसडीएम, ठियोग
ठियोग की क्यार पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र नमाना के भवन पर गिरी चट्टान। संवाद