कश्मीर से अवैध रूप से आ रही नर्सरी पर रहेगी पैनी नजर
पौधों की अवैध बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए कमेटी का होगा गठन
हर साल अवैध पौधे बेचकर ठगे जा रहे बागवान
बागवानी विभाग ने पंजीकृत नर्सरियों से पौधे खरीदने की दी हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर में हर साल सेब सहित हजारों फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। हर साल बागवान नए पौधों की खरीद को लेकर बिचौलियों का शिकार होते हैं। सड़क किनारे बिकने वाली नर्सरी को बेहतरीन गुणवत्ता वाले पौधे बताकर बागवानों के साथ ठगी हो रही है। अब बागवानी विभाग रामपुर क्षेत्र में अवैध रूप से पहुंचाए जा रहे सेब के पौधे बेचने वालों पर डंडा चलेगा।
बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही उपमंडल इलाकों में नई पौध लगाने के कार्य ने जोर पकड़ा है। बागवान नई पौध लगाने के लिए गड्ढे तैयार कर रहे हैं। पुराने बगीचों की जगह नए बगीचे तैयार किए जा रहे हैं। सेब के पौधों की खरीद को लेकर अभी भी बागवानों में पूर्ण परिपवक्ता नहीं है। हर वर्ष रामपुर के सैकड़ों बागवान क्षेत्र में अवैध रूप से लाए जा रहे सेब के पौधे खरीदते हैं। उन्हें अपनी गलती का अहसास तीन से चार साल बाद होता है। कश्मीर और अन्य क्षेत्रों से अवैध रूप से रामपुर में सेब के पौधों की खेप पहुंचती है और बागवान कम दाम के चक्कर में उम्दा किस्म के पौधों का लालच पाकर ठगी का शिकार हो रहे हैं।
इस बार बागवानी विभाग ने क्षेत्र में पहुंचने वाले अवैध पौधों पर नजर बनाए रखने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। विभाग ने सेब के पौधों की खरीद फरोख्त पर नजर बनाए रखने के लिए कमेटी का गठन किया है। इसमें प्रशासन, विभाग, पुलिस और अन्य विभागों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। टीम विभिन्न क्षेत्रों में जाकर अवैध रूप से सेब के पौधे बेचने वालों पर शिकंजा कसेगी। बागवानी विभाग ने प्रशासन को पत्र जारी कर कमेटी के गठन की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है। साथ ही बागवानी विभाग ने क्षेत्र के बागवानों को पंजीकृत नर्सरियों से ही सेब सहित अन्य फलदार पौधे खरीदने की नसीहत दी है। रामपुर तहसील में 10 और ननखड़ी में 6 पंजीकृत नर्सरियां हैं, जहां से बागवान अपनी पसंद के सेब और अन्य पौधे खरीद सकते हैं।
निचले और मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में जहां 15 फरवरी तक नए पौधे लगाने के लिए उपयुक्त समय है, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवान मार्च माह तक नए पौधे लगा सकते हैं।
बागवानी विभाग रामपुर के विषय विशेषज्ञ डॉ. संजय चौहान ने कहा कि सेब उत्पादन का क्षेत्रफल और दायरा बढ़ता जा रहा है। सेब के नए पौधों की खरीद को लेकर बागवानों को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बागवानों को अवैध रूप से पौधे बेचने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। विभाग के पास रामपुर की 10 और ननखड़ी की 6 नर्सरियां पंजीकृत हैं, जहां से बागवान पौधे खरीद सकते हैं। अवैध रूप से सेब के पौधे बेचने वालों पर प्रशासन की ओर से गठित कमेटी नजर रखेगी। इस संबंध में प्रशासन को लिखा गया है। जल्द ही कमेटी का गठन किया जाएगा।