अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तैयारियों को लेकर हुई पहली समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला इस साल 11 से 14 नवंबर तक सजेगा। मेले में व्यापारिक गतिविधियों 30 नवंबर तक आयोजित होंगी। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर मेले में सजी दुकानों को हटाया जाएगा। वहीं, पहली बार 1 से 3 नवंबर तक अश्व प्रदर्शनी लगेगी। बुधवार को लवी मेले के आयोजन को लेकर पहली बैठक हुई। बैठक में मेले के दौरान की जाने वालीं व्यवस्थाओं को बनाने और कानून व्यवस्था पर चर्चा हुई। रामपुर के मिनी सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक की अध्यक्षता सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने की। बैठक की कार्यवाही का संचालन एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया। बैठक में मेले के आयोजन स्थल, कानून व्यवस्था, प्लॉट आवंटन, बिजली, पानी, यातायात और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। एसडीएम ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आधिकारिक रूप से 11 से 14 नवंबर तक चलेगा। चार दिन तक पदम छात्र स्कूल में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इस बार आपदा के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली कलाकार की प्रस्तुतियां देंगे। बाहरी राज्यों से कोई कलाकार नहीं बुलाया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया कि 1 से 3 नवंबर तक अश्व प्रदर्शनी होगी ताकि समय रहते मेला मैदान में प्लॉटों का आवंटन हो सके। तहसीलदार रामपुर की अध्यक्षता वाली कमेटी प्लाॅट आवंटित करेगी। मेले के दौरान सफेद ढांक में वैली साइड ही एकतरफा दुकानें सजेंगी। इसके अलावा सफेद ढांक में क्रेश बैरियर लगाए जाएंगे और कई जगह सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा नगर परिषद की ओर से मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले डिनर का स्थान सर्किट हाउस समेत अन्य जगह निर्धारित करने का निर्णय होगा।
मैराथन, पुरुष और महिलाओं की होगी कबड्डी प्रतियोगिता
ड्रग फ्री सोसायटी के लिए मैराथन का आयोजन किया गया। इसके अलावा पुरुष और महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। अब मेले के आयोजन की अंतिम रूपरेखा आगामी समय में उपायुक्त शिमला की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में तैयार की जाएगी।
मेले को बेहतर करने के लिए मांगे हैं सुझाव : नंद लाल
विधायक नंद लाल ने कहा कि यह लवी मेले की पहली बैठक है और इसमें मेले को बेहतर करने के लिए सुझाव मांगे गए हैं। नगर परिषद रामपुर की हर जगह भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। प्लॉट आवंटन पर इस बार पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और मेले के कुछ खर्चों को कम करने के लिए निर्देश दिए गए। रामपुर आसपास में विद्युत उत्पादन कर रही सभी परियोजनाएं मेले के सफल आयोजन में अपना पूरा योगदान दें। विधायक ने सभी विभागों के अधिकारियों से अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को सफल बनाने में पूरा सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर डीएसपी नरेश शर्मा, बीडीओ राजेंद्र नेगी, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसके नेगी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग आरएस नेगी, पीजी कॉलेज प्राचार्य पंकज बसोतिया, प्रधानाचार्य राजेश परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते सातवें वित्तायोग अध्यक्