तैयारियों को लेकर मंत्री ने की बैठक, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में 30 अक्तूबर से राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का शुभारंभ होगा। यह महोत्सव 2 नवंबर तक मनाया जाएगा। महोत्सव में कलाकार और स्वयं सहायता समूह अपनी संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों के संरक्षण का संदेश देंगे। बुधवार को चार दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। मंत्री जगत सिंह नेगी ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मंत्री ने विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किन्नौर महोत्सव जिला की पारंपरिक लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। सभी विभाग आपसी समन्वय और जनसहयोग से इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक दलों और स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, यातायात और विद्युत व्यवस्था जैसी सुविधाओं में कोई कमी न रहे। चार दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का आयोजन रिकांगपिओ के मिनी खेल स्टेडियम में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान 30 और 31 अक्तूबर को नेशनल ट्राइबल फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें जनजातीय शिल्प उत्पाद, कला और संस्कृति प्रदर्शनी, जनजातीय फिल्म प्रलेखन, साहित्य, वनों से प्राप्त उत्पाद, पारंपरिक खाद्य व्यंजन और जनजातीय चिकित्सा पद्धतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विभिन्न विभागों की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिनमें सरकार की नीतियों और योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों की ओर से महोत्सव से जुड़ी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। मंत्री ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर उपायुक्त एवं किन्नौर महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसपी अभिषेक शेखर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र कुमार ठाकुर, सहायक आयुक्त डॉ. ओपी यादव, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास, कल्पा के एसडीएम अमित कल्थाइक समेत कई मौजूद रहे।