. हर वार्ड में होंगे दो-दो विकास कार्य, पार्षदों से मांगे प्रस्ताव
विज्ञापन
. खोपड़ी ब्रौ पुल निर्माण को दी जाएगी गति, पुल निर्माण को दी जाएगी प्राथमिकता . नगर परिषद की पहली मासिक बैठक में विकास कार्यों और समस्याओं के बारे में हुई चर्चा . नप की विभिन्न कमेटियों और मोहल्ला सभा के गठन बारे भी हुई चर्चा संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए स्वच्छ शहर, रामपुर बुशहर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नगर परिषद के सभी 8 वार्डों में हर 10 दिन में स्वच्छता अभियान चलेगा। शहर के हर वार्ड में दो-दो विकास कार्यों को जल्द अमली जामा पहनाया जाएगा। इसके लिए संबंधित वार्ड के पार्षदों को जल्द प्रस्ताव तैयार कर नगर परिषद के सहायक और कनिष्ठ अभियंता को सौंपने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को हुई नगर परिषद रामपुर की मासिक बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा की गई। मंगलवार को नगर परिषद की मासिक बैठक अध्यक्ष करण शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी वार्डों के पार्षदों ने भाग लिया। बैठक की कार्यवाही का संचालन वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने किया। उन्होंने सभी पार्षदों को नगर परिषद के आय-व्यय, विकास कार्यों के संचालन, लंबित कार्यों, बिजली, सीवरेज सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कमेटियों का गठन किया जाना है। इसमें स्टैंडिंग कमेटी, फाइनेंस, सोशल वेलफेयर और एफआरसी कमेटी शामिल हैं। बीआर नेगी ने बताया कि नगर परिषद के 5 लाख से अधिक के कार्यों के ऑनलाइन टेंडर होंगे। साथ ही उन्होंने वार्ड सदस्यों को खाली पड़ी भूमि पर पार्क, पार्किंग और दुकानों के निर्माण की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने सभी पार्षदों को वार्डों से संबंधित दो-दो कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में वार्ड नंबर-4 सतलुज कैफे से ब्रौ पुल तक सड़क निर्माण को जल्द पूरा करने, नगर परिषद कार्यालय के पीछे सतलुज नदी पर पुल निर्माण, रैन-बसेरा भवन की हालत को सुधारने, शहर में ओपन जिम निर्माण और लंबित हाउस टैक्स व किराये से संबंधित चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि नगर परिषद से मुख्य बाजार के रास्ते की हालत जल्द सुधारी जाएगी। इसके लिए जल्द टेंडर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। इस मौके पर नप उपाध्यक्ष रोहित नेगी, पार्षद दीपना नेगी, जयश्री, नीतिका गुप्ता, उमा देवी, सुंदर लाल, चंद्रप्रभा, विशेषर लाल, सहायक अभियंता अमित गौतम, कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
घरों से चार दिन में गीला और 2 दिन में लिया जाएगा सूखा कचरा
बैठक में निर्णय लिया कि नगर परिषद क्षेत्र में चार दिन में गीला कचरा और 2 दिन में सूखा कचरा घरों से लिया जाएगा। इसके अलावा शहर में डेंगू की समस्या को देखते हुए जल्द स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक करने का आह्वान किया गया। शहर में समस्या का कारण बनते जा रहे सब्जी विक्रेताओं के लिए स्थान मुहैया करवाने के बारे में चर्चा हुई। नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने कहा कि नगर परिषद की पहली बैठक में कई विषयों के लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। स्वच्छ शहर, रामपुर बुशहर के तहत एनजीओ के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा और हर वार्ड में 10 दिन में एक बार सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर के उत्थान के लिए जो भी कार्य होंगे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
शौचालयों में महिलाओं से हो रही अधिक वसूली का मामला भी उठा
नगर परिषद की बैठक में शहर के शौचालयों में महिलाओं से हो रही 10 रुपये की वसूली पर सवाल उठाए गए। पार्षदों ने इसको लेकर चिंता जताई और निर्धारित 5 रुपये वसूलने की मांग उठाई गई। हाउस ने शहर के सभी शौचालय संचालकों को इस संबंध में निर्देश जारी कर 5 रुपये से अधिक वसूली करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर-6 और 7 में निर्धारित सफाई कर्मचारियों के बजाय कम संख्या में कर्मी पहुंच रहे है, जिस पर सभी पार्षदों को सफाई व्यवस्था संभाल रहे सुपरवाइजर और सफाई कर्मियों की संख्या से संबंधित सूची दी गई है। वहीं, पार्षदों ने नेशनल हाईवे-पांच पर निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई है।