आनी में सिराज क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए रोमांचकारी मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। सिराज क्रिकेट कप में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। बुधवार को आनी के खेल मैदान में क्वार्टर और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में एमएमजी सरोग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमालयन बॉयज जलोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बना ली।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन एमएमजी सरोग ने बेहतर रणनीति और उत्कृष्ट गेंदबाजी के दम पर बढ़त बनाए रखी। हिमालयन बॉयज जलोड़ी ने जीत की कोशिश तो की, लेकिन सरोग के मजबूत क्षेत्ररक्षण और निर्णायक क्षणों पर सधी गेंदबाजी के आगे टिक नहीं पाए। आयोजकों ने बताया कि वीरवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सेमीफाइनल होगा, जिसमें रोडीज 11 और हाई राइडर किन्नौर आमने-सामने होंगे। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल में एमएमजी सरोग से भिड़ेगी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे, जबकि पूर्व एपीएमसी चेयरमैन एवं भाजपा नेता अमर ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।