तकलेच में क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले जा रहे रोमांचक मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उप तहसील तकलेच में चैलेंजर क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचकारी मुकाबले खेले जा रहे हैं। महासू क्रिकेट क्लब थेडा की ओर से ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में 62 टीमों के खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। शुक्रवार को मैड बॉयज कमलाऊ और नारायण बॉयज दरकाली के बीच प्री क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। मैड बॉयज ने पहले खेलते हुए आठ ओवर में तीन विकेट खोकर 104 रन बनाए। टीम की ओर से हर्ष कायथ ने 34 रन, अभिषेक ने 28 रन और माइकल ने 18 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरकाली की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन 15 रन से मैच हार गई। दरकाली की ओर से सतीश बदरेल ने ताबड़तोड़ 64 रन बनाए। हालांकि टीम को जीत नहीं दिला पाए। मैड बॉयज ने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं एक अन्य मुकाबला रॉयल स्ट्राकर ब्यूंथल और एमसीसी थेडा के मध्य खेला गया। थेडा ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
क्लब के अध्यक्ष सोनू मजटू और उपाध्यक्ष रॉकू जिहान ने कहा कि प्रतियोगिता में रोमांचकारी मुकाबले खेले जा रहे हैं। विजेता टीम को 1,33,000 रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 61 हजार व ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।