ठियोग के पुराने बाजार में शुरू हुआ एनएच पांच पर टारिंग का कार्य। संवाद
पुराने बस अड्डे तक पहले चरण का काम पूरा
10 दिन तक टारिंग कार्य पूरा होने की जगी उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। लंबे इंतजार के बाद ठियोग में शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच की टारिंग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। पुराने बस अड्डे तक पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है। 10 दिन में कार्य पूरे होने की संभावना जताई जा रही है। पहले चरण में 50 मिलीमीटर मोटाई की पहली परत डीबीएम बिछाई जा चुकी है। इसमें मोटी रोड़ी और तारकोल का मिश्रण बिछाया जा रहा है। इसके बाद 30 मिलीमीटर की दूसरी परत डाली जाएगी। इसमें करीब 13 एमएम से कम मोटाई वाली रोड़ी समेत रेत, जीरा, सीमेंट और तारकोल का मिश्रण बिछाया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर 3.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। दो वर्ष से ठियोग में एनएच की हालत खस्ता थी। इससे लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब लोगों ने राहत की सांस ली है। अस्पताल से लेकर प्रेमघाट तक सड़क का निर्माण तकनीकी मानकों के अनुसार किया जाना है। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि लंबे समय बाद सडक़ की मरम्मत होने से यातायात सुचारू हुआ है। व्यापारिक गतिविधियों में भी सुगमता आने के उम्मीद बढ़ गई है।
सड़क पर टारिंग करने के पहले चरण का काम किया जा रहा है। पहला चरण खत्म होने के बाद दूसरे चरण में ऊपरी सतह की परत डाली जाएगी। टारिंग करने का काम मौसम साफ रहने पर अगले 10 दिन में पूरा करने की कोशिश की जाएगी। अस्पताल से प्रेमघाट तक मानवीय तरीके से नालियां बनाई जाएंगी। पानी की निकासी का काम किया जा रहा है। ठेकेदार को आगामी पांच साल तक सड़क की देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्य 3.5 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।
शिव वरदान,
एसडीओ, एनएचएआई