इस मामले में अभी कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा किया जा चुका बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (शिमला)।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ठियोग निवासी मुख्य चिट्टा तस्कर को हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओमकार उर्फ ओमी निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 49 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 1,02,500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। इस मामले में अभी कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, मामले में 13 नवंबर को पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा-21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसकी शुरुआत 12 नवंबर को हुई थी, जब पुलिस ने कोटखाई निवासी 37 वर्षीय पपिल भूषण और 39 वर्षीय सुरेश को गिरफ्तार कर उनके पास से 23 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फोन के माध्यम से ओमकार उर्फ ओमी से चिट्टा खरीदते थे। आरोपी हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में रहकर हिमाचल में नशे की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों की पूछताछ और कॉल डिटेल के आधार पर सप्लाई नेटवर्क की जांच की। इसके बाद 15 नवंबर को पुलिस टीम ने पिंजौर में दबिश देकर मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने की तलाशी में 49 ग्राम चिट्टा, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद हुई।
ठियोग-कोटखाई में फैला रखा था नशे का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में चिट्टा तस्करी कर रहा था। पिंजौर में रहकर वह हिमाचल के युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
वर्ष 2026 में 94 मुख्य तस्कर गिरफ्तार
शिमला पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक बाहरी राज्यों से 94 मुख्य नशा तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं, वर्ष 2025 में आठ और वर्ष 2024 में 15 मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह, वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं, जबकि वर्ष 2024 और 2025 में चार-चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
पुलिस का कहना है कि अब नशे के छोटे तस्करों तक सीमित रहने के बजाय सप्लाई की मुख्य कड़ियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य नशे के कारोबार की जड़ों को खत्म करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।
मेहर पंवार, एएसपी शिमला