रामपुर बुशहर। सराहन पुलिस चौकी के तहत बठारा गांव में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर जान दे दी। उधर, पत्नी ने भी जहर खाकर अपनी इहलीला समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा लिया गया। पुलिस नेे मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बठारा गांव के एक व्यक्ति ने सोमवार रात को अपने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जब तक घर के अन्य सदस्यों को इस बात की भनक लगती, तब तक देर हो चुकी थी। व्यक्ति की सांसें थम चुकी थीं। पति की मौत का पत्नी को खासा सदमा लगा और उसने भी घर में पड़ी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। इससे वह भी बेहोश हो गईं। परिजनों ने दोनों को सराहन अस्पताल पहुंचाया, जहां व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पत्नी को डॉक्टरों ने काफी मशक्कत के बाद बचा लिया। अब उसकी स्थिति बेहतर है। मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब उसने अपने पति को कमरे में लटकता हुआ देखा तो वह सुधबुध खो बैठीं और उसने भी जान देने का निर्णय ले लिया और जहर खा लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद व्यक्ति के शव को परिजनों के हवाले कर दिया है जबकि उसकी पत्नी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।