राजकीय उच्च विद्यालय लालसा में कॅरिअर मार्गदर्शन पर हुआ व्याख्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर ने उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत गोद लिए गए गांव लालसा में राजकीय उच्च विद्यालय में कॅरिअर मार्गदर्शन संबंधित एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। व्याख्यान में आपके गांव की चुनौतियां और समाधान, मेरे गांव में सुधार के लिए नए विचार विषयों पर निबंध लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में त्रिशा शर्मा ने प्रथम, किरण ने द्वितीय और अलीशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में किंजल ने प्रथम, एकता ने द्वितीय और अक्षिता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय रामपुर से सहायक प्राध्यापक पुष्पा गोस्वामी और सहायक प्राध्यापक अनिल चौहान ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और लक्ष्य निर्धारण के विषय में जानकारी दी। विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक पूर्ण नंद ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां निरंतर आयोजित होनी चाहिए। कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतीया ने कहा कि उन्नत भारत अभियान के समन्वयक डॉ. विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में भविष्य में भी अन्य गोद लिए गांवों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।