नवागंतुक विद्यार्थियों को काॅलेज में चल रहे पाठ्यक्रमों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय महाविद्यालय सीमा में नवागंतुक छात्रों के लिए परिचय सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान काॅलेज की प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किया और महाविद्यालय के गौरवशाली अतीत एवं भविष्य की योजनाओं से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। उन्होंने उच्च शिक्षा की आवश्यकता और इसकी महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय सीमा ने एक नई पहल 'मेरा कॉलेज मेरा घर' की शुरुआत की है। इसमें हर विद्यार्थी को महाविद्यालय के प्रति उसकी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना और उन्हें महाविद्यालय के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
डॉ. ललिता रावत ने छात्रों को अनुशासन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय ने छात्रों के लिए एक ड्रेस कोड लागू किया है। इसका पालन करना सभी को अनिवार्य है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में भी उपस्थित रहना होगा। इस दौरान प्रो. हरीश सांजटा, डॉ. राय सिंह नेगी, डॉ. अनिल चौहान, डॉ. रविकिरण भी उपस्थित रहे।