शारीरिक शिक्षक जितेंद्र ज्योति चौहान सेवानिवृत्त होने पर विदाई देते विद्यार्थी
ढोल-नगाड़ों की धुन पर जितेंद्र चौहान को किया विदा
शिक्षा और खेल गतिविधियों में योगदान को किया याद
संवाद न्यूज़ एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू ) पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल के शारीरिक शिक्षक जितेंद्र उर्फ ज्योति चौहान लंबे सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए। उनकी सेवानिवृत्ति पर विद्यालय परिवार की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया।
विदाई को यादगार बनाने के लिए विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने चौपाल बाजार में रैली निकाली। इस दौरान विद्यार्थी और शिक्षक ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य करते हुए जितेंद्र चौहान को विद्यालय से उनके घर के लिए विदा करने पहुंचे। बाजार में निकाली विदाई रैली लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
प्रधानाचार्य हरि शर्मा ने जितेंद्र चौहान के सेवाकाल में शिक्षा और खेल गतिविधियों के क्षेत्र में दिए योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ उनका आत्मीय संबंध और खेलों के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। विदाई के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में भावुकता का माहौल रहा। सहकर्मियों और विद्यार्थियों ने उनके स्वस्थ और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बिताया जितेंद्र चौहान का सेवाकाल लंबे समय तक याद रखा जाएगा।