किन्नौर स्थित जेएसडब्ल्यू परियोजना में आपदा के दौरान राहत कार्यों को लेकर मॉकड्रिल करते सुरक्षा
एनडीआरएफ ने आग, बाढ़, भूकंप, भूस्खलन सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए शनिवार को काफनू में एनडीआरएफ के जवानों ने जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। काफनू के मिडिल स्कूल में आयोजित शिविर में एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन के एसी/जीडी करम सिंह और निरीक्षक जगपाल ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन की जानकारी दी।
उन्होंने आपदा के प्रकार, प्रभाव और उससे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा, रक्तस्राव नियंत्रण, भूकंप और आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी के तरीके सिखाए गए। साथ ही अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करना, सीपीआर और एफबीएओ जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
शिविर में मिडिल स्कूल, प्राथमिक स्कूल काफनू, होमते और प्राथमिक स्कूल हुरी के विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी भाग लिया। स्कूल के प्रभारी तेजिंद्र नेगी ने इस पहल के लिए एनडीआरएफ का आभार व्यक्त किया।