खनेरी अस्पताल में दूसरे दिन भी जारी रही चिकित्सकों की हड़ताल
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को झेलनी पड़ीं परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चार जिलों के मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने वाले खनेरी अस्पताल में दूसरे दिन भी चिकित्सक हड़ताल पर रहे। चिकित्सकों की हड़ताल से मरीजों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। अस्पताल की सभी ओपीडी बंद रहीं। हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं। आपातकालीन कक्ष में मरीजों की भीड़ उमड़ी। दूर-दूर से अस्पताल पहुंचे मरीजों ने आपातकालीन कक्ष में स्वास्थ्य की जांच करवाई तो कई मरीज बिना उपचार के निराश होकर घर लौटने को मजबूर हुए। पर्ची काउंटर और ओपीडी परिसर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। सैकड़ों मरीजों को उपचार के बिना लौटना पड़ा। हालांकि अस्पताल में आपात सेवाएं जारी रहीं। मरीज अपने उपचार के लिए कतारों में लगे रहे। मरीज और तीमारदारों में रोष देखने को मिला।
शकुंतला देवी, शशि कुमारी, हेमराज, विकास, सचिन, लायक राम, सुरजीत और प्रेम दासी ने कहा कि चिकित्सकों की हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानियां झेलनी पड़ी और अस्पताल से बिना स्वास्थ्य जांच किए घर जाना पड़ा। उधर, मेडिकल ऑफिसर यूनियन खनेरी की अध्यक्ष सुचिता पालमो ने कहा कि अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं। हड़ताल को लेकर आगामी आदेशों का पालन किया जाएगा।