40 स्वीकृत पदों में से 19 चल रहे खाली
डेढ़ वर्ष से 18 पंचायतों के हजारों लोग झेल रहे परेशानियां
राजेंद्र ठाकुर
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। विकास खंड कार्यालय ननखड़ी में स्टाफ की भारी कमी चल रही है। स्टाफ की कमी के कारण 18 पंचायतों के ग्रामीणों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कार्य लटकने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौर हो कि विकास खंड कार्यालय ननखड़ी के लिए 40 पद स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन सरकार इन पदों पर भरना भूल गई है। यहां पर करीब 19 पद रिक्त चल रहे हैं। बीते डेढ़ वर्ष से स्टाफ की भारी कमी के चलते लोग की मुश्किलें बरकरार हैं। कार्यालय और फील्ड स्टाफ की कमी के कारण ग्रामीणों के कार्य लटक हुए हैं। कार्यालय में तीन रेगुलर कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। अन्य आउटसोर्स के कर्मचारी ही कार्य कर रहे हैं। अधिकतर पद रिक्त होने के कारण 18 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर कार्य न होने के कारण ग्रामीणों में रोष है। विकास खंड ननखड़ी में बीते लंबे समय से वरिष्ठ सहायक के तीन, क्लर्क के दो, कनिष्ठ अभियंता का एक, एसपीआई का एक, एलएसईओ का एक, एलवीडीसी का एक, ग्राम रोजगार सेवक के दो, तकनीकी सहायक के तीन, पंचायत सचिव के पांच पद रिक्त पड़े हैं। ऐसे में रिक्त पदाें के कारण पंचायतों के विकास कार्य खासे प्रभावित हो रहे हैं और समय पर इन कार्याें को पूरा करना मुश्किल होगा।
परिवर्तन विकास संस्था अध्यक्ष राजेश खुंद, कुलदीप ठाकुर, गगन ठाकुर, संतोष कुमार, राजेश कुमार, रोहित कुमार, मुकेश कुमार, संतोष मेहता, विक्रम, ज्ञान मेहता, रवि कुमार और प्रदीप ठाकुर ने प्रदेश सरकार से रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई है, ताकि समस्याओं से निजात मिल सके।
उधर, खंड विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने माना कि पिछले डेढ़ वर्ष से विकास खंड कार्यालय में स्टाफ की कमी चल रही है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को लेकर समय-समय पर सरकार और उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया है। संवाद