भावानगर(किन्नौर)। किन्नौर जिले के भावानगर में करोड़ों की राशि खर्च कर खेल स्टेडियम और सराय भवन का निर्माण जल्द किया जाएगा। सरकार की ओर से इसकी मंजूरी मिल गई है। भावानगर में स्टेडियम के बनने ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं को खेलकूद प्रतियोगिता में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग और प्रशासन ने इन सबके शिलान्यास की की तैयारी पूरी ली है। गौरतलब है कि कई वर्ष पूर्व भावानगर में सतलुज नदी के किनारे बिजली बोर्ड का खेल मैदान बाढ़ के कारण बह गया था। उसके बाद भावानगर के युवा यहां स्थित रामलीला मैदान में खेलों का अभ्यास करते हैं। क्षेत्र के लोग वर्षों से मांग कर रहे थे कि भावानगर में आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल मैदान होना चाहिए। इसके साथ निचार खंड में सराय भवन बनने से क्षेत्र के साथ-साथ बाहरी क्षेत्र से आने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा 5 अगस्त को करोड़ों की लागत से बनने वाले स्टेडियम, सराय भवन, ऑफिस भवन और रेजिडेंशियल कांपलेक्स टापरी और काफनू में हैलीपेड निर्माण की शिमला से ऑनलाइन आधारशिला रखी जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने भावानगर में स्टेडियम निर्माण के लिए 7 करोड़ 22 लाख, सराय भवन के लिए 4 करोड़ 66 लाख का प्राकलन तैयार किया है।
लोक निर्माण विभाग की ओर शिलान्यास की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राहुल सूद ने कहा कि निचार खंड में विभिन्न योजनाओं की आधारशिला रखने की तैयारी कर ली गई है।