रामपुर बुशहर। एक हजार से अधिक की ओपीडी वाले रामपुर के खनेरी अस्पताल में ब्लड टेस्ट की मशीन हांफ गई है। मशीन खराब होने के कारण बीते कई दिनों से मरीजों की खून जांच नहीं हो रही है, जिस कारण मरीज निजी लैबों में जाकर अधिक पैसे खर्च कर टेस्ट करवाने को मजबूर हैं। क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन से जल्द टेस्ट की सुविधा शुरू करने की मांग की है।
सीटू नेता बिहारी सेवगी, तुला राम, कुलदीप, ओम प्रकाश और प्रेम चौहान सहित अन्य ने कहा कि खनेरी अस्पताल में रोजाना ग्रामीण और दूर दराज के क्षेत्रों से मरीज उपचार करवाने पहुंचते हैं। आए दिन मरीजों को कई प्रकार की परेशानियों से दो चार होना पड़ता है। कभी एक्स-रे मशीन खराब रहती है तो कभी दवाइयों की समस्या। बीते कई दिनों से अस्पताल में ब्लड टेस्ट नहीं हो रहे। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्थानीय भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि कोई भी खनेरी अस्पताल की ओर ध्यान नहीं दे रहा है और इसका खामियाजा हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पूर्व सरकार में स्थानीय विधायक सीपीएस स्वास्थ्य रहे, लेकिन स्टाफ और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कोई उचित कदम नहीं उठाए गए। जिला कुल्लू, किन्नौर, शिमला और मंडी से रोजाना मरीज यहां पहुंचते हैं, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव उन्हें झेलना पड़ रहा है।
उधर, खनेरी अस्पताल के एमएस डॉ. एनके मेहता ने बताया कि सेंटर फ्यूल मशीन खराब हो चुकी है और टेस्ट करने में परेशानियां पेश आ रही हैं। जल्द ही अस्पताल में नई मशीन स्थापित कर मरीजों को राहत दी जाएगी। अस्पताल में मैनुअल टेस्ट हो रहे हैं।