सांगला (किन्नौर)। जिले के छोलतू में शनिवार को जेएसडब्ल्यू कंपनी ने जिले के 47 होनहार बॉक्सरों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने पर 2 लाख 38 हजार 450 की राशि का डिमांड ड्राफ्ट देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि एसपी किन्नौर एसआर राणा मौजूद रहे। उन्होंने जेएसडब्ल्यू की ओर से शिखर फेलोशिप वितरण प्रोग्राम के तहत छोलतू में बॉक्सरों को सम्मातिन कर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि जेएसडब्ल्यू कंपनी की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के साथ लोगों के कल्याण के लिए जो भी सुविधा दी जा रही है, वह एक सराहनीय कार्य है। कार्यक्रम में जेएसडब्ल्यू के वाइस प्रेसीडेंट मुखिया प्रवीण पुरी ने मुख्यातिथि पुलिस अधीक्षक एसआर राणा को किन्नौरी टोपी देकर सम्मानित किया। प्रवीण पुरी ने कहा कि शिखर फेलोशिप प्रोजेक्ट के तहत किन्नौर जिले में जो बच्चे बॉक्सिंग में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। इस समय किन्नौर में 7 बॉक्सिंग सेंटर चल रहे हैं। इन सेंटरों के चयनित बच्चे नेशनल, इंटरनेशनल, स्टेट और जिला स्तर पर कोई भी पदक लेकर आते हैं, उन्हें उनका मनोबल बढ़ाने के लिए वजीफा देते हैं। सम्मानित छात्रों में 4 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल विजेता स्नेह कुमारी, 3 गोल्ड 3 ब्राउन विजेता दीपिका, 3 गोल्ड विजेता विनाक्षी, 3 गोल्ड विजेता कशिश, 2 गोल्ड विजेता प्रिया, 2 गोल्ड विजेता स्नेहा, 2 गोल्ड विजेता माया कुमारी, स्वाति, रितु, हर्षित शामिल रहे।