सांगला (किन्नौर)। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने जिले के प्रवेश द्वार चौरा बैरियर में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही जिले में बाहरी लोगों को प्रवेश करवाने की मांग की है। किन्नौर की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के लिए यहां पहुंचने वाले पर्यटकों, सेब सीजन के दौरान बाहरी राज्यों और अन्य क्षेत्रों से आने वाले आढ़तियों समेत मजदूरों पर नजर रखने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र यानी चौरा बैरियर में स्क्रीनिंग और पंजीकरण की मांग लोग उठा रहे हैं, जिससे जिले में लगातार फैल रही महामारी पर काबू पाया जा सके।
जिले के बाशिंदों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले में दस्तक देने से पहले सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाए। पर्यटक हो या फिर सेब कारोबारी या फिर अन्य कोई भी मजदूर। पंजीकरण के बाद कम से कम सही तरीके से पता तो चल सके कि जिले के कल्पा, पूह और निचार खंड के किन पंचायत क्षेत्र की ओर जा रहे हैं। इससे कोविड सैंपल लेने आदि में भी दिक्कत नहीं होगी। प्रधान कामरू विक्रम सिंह नेगी, उपप्रधान मुकेश नेगी, प्रधान पूह सुमन साना, उपप्रधान पूह सुशील साना, उपप्रधान सुंगरा राकेश नेगी, उपप्रधान कल्पा राजकुमार, दिव्या नेगी, दीपक नेगी, सूर्या नेगी, प्रमोद नेगी और राजकमल नेगी सहित कई अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से जल्द चौरा बैरियर में थर्मल स्क्रीनिंग और पंजीकरण करने के बाद ही बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को जिले में प्रवेश करवाने की मांग उठाई है। उधर, कार्यवाहक उपायुक्त अश्वनी कुमार ने कहा कि सरकार ने हिमाचल की सारी सीमाओं को खोल दिया है। लेकिन फिर भी कोविड संक्रमण अधिक न फैले, इसके लिए जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को इसका जिम्मा सौंपा है। कोविड-19 का संक्रमण जिले में अधिक न फैले, इसके लिए प्रशासन गंभीर है।
जिम्मेदारियों से पीछे हट रही सरकार : विधायक
विधायक किन्नौर जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटती नजर आ रही है। पूर्व में लगाए गए लॉकडाउन का कोई मतलब नहीं रहा है। अब जब कम्युनिटी संक्रमण वायरल हो रहा है तो ऐसे में सारी सीमाओं को खोलकर सरकार अपनी जिम्मेदारियों से पल्लू झाड़ते हुए पंचायतों पर सारी जिम्मेवारियां थोप रही है। सरकार को चाहिए कि चौरा में थर्मल स्क्रीनिंग और लोगों का स्थायी पता नोट करने के बाद ही जिले में प्रवेश करने दिया जाना चाहिए।