रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले से पूर्व आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का आज से आगाज होगा। पदम छात्र स्कूल रामपुर में आयोजित इस स्पर्धा में देश भर की छह टीमें दमखम दिखाएंगी। लवी मेला खेल कमेटी ने राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। वहीं 6 को अंडर-19 ओपन मिनी मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा, जो युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देगी।
युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन करने की पहल दत्तात्रेय स्पोर्ट्स क्लब दत्तनगर द्वारा की गई। उपायुक्त द्वारा हामी भरने के बाद खेल कमेटी का चयन किया गया। इस वॉलीबाल स्पर्धा में देश की चुनिंदा टीमों के बीच कड़ी टक्कर होगी। वॉलीबाल स्पर्धा में कर्नाटक, पंजाब पुलिस, हिमाचल पोस्टल, मुस्ताना साई संगरूर पंजाब, हरियाणा पुलिस और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी की टीमों के खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं 6 नवंबर को आयोजित हो रही अंडर-19 मिनी मैराथन के लिए पांच और ओपन वर्ग के लिए दस किलोमीटर की दूरी रखी गई है। मैराथन में भाग लेने वाले लोग नशे को जड़ से समाप्त करने और स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश देंगे।
उधर, लवी मेला खेल कमेटी अध्यक्ष एवं डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने-खाने की उचित व्यवस्था की गई है। 6 नवंबर को प्रतियोगिता का समापन होगा।