रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले से पूर्व रामपुर में पहली बार आयोजित हो रही वॉलीबाल प्रतियोगिता में देश की छह टीमों के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। इसके अलावा 6 नवंबर को अंडर-19 और ओपन मिनी मैराथन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसमें स्कूली बच्चे और क्षेत्र भर के लोग नशामुक्ति का संदेश देंगे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पहली बार अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसको लेकर लवी मेला खेल कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी ने देश की छह वॉलीबाल टीमों कर्नाटक, पंजाब पुलिस, हिमाचल पोस्टल, मुस्ताना साई संगरूर पंजाब, हरियाणा पुलिस ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निमंत्रण भेजा है। हालांकि सभी टीमों ने प्रस्ताव स्वीकार किया है। 4 से 6 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी रामपुर पाटबंगला मैदान में भिड़ेंगे। वहीं छह नवंबर को मिनी मैराथन आयोजित होगी।
लवी मेला खेल कमेटी अध्यक्ष एवं डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि तीन नवंबर को सभी टीमें रामपुर पहुंच जाएंगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 4 से 6 वॉलीबाल प्रतियोगिता चलेगी। 6 नवंबर को मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए 31 अक्तूबर तक करीब 50 पंजीकरण हो चुके हैं।
फाग मेले में होगी प्रो-वॉलीबाल प्रतियोगिता : नेगी
दत्तात्रेय स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य एवं राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी विनोज नेगी ने बताया कि रामपुर क्षेत्र के युवाओं को खेल की धारा में लाने के लिए आगामी भविष्य में बहुआयामी प्रयास किए जाएंगे। रामपुर लवी मेले में आयोजित हो रही वॉलीबाल स्पर्धा के लिए क्षेत्र के हर क्लब के दो-दो युवाओं को जोड़ा गया है। ये सदस्य दो नवंबर से पाटबंगला मैदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि रामपुर में आयोजित होने वाले फाग मेले में प्रो-वॉलीबाल प्रतियोगिता करवाई जाएगी, जिसमें रामपुर क्षेत्र के युवा क्लबों के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस स्पर्धा में प्रदेश के नामी गिरामी वॉलीबाल खिलाड़ियों की भी नीलामी की जाएगी।