रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय निरमंड में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर प्राचार्य संजीव कुमार बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ छात्र और छात्राओं की 800 मीटर लंबी दौड़ से किया गया। इसी तरह छात्र-छात्राओं ने लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और रस्साकशी इत्यादि प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं की लंबी कूद में संगीता प्रथम, गीतांजलि द्वितीय, छात्रों में धर्मेंद्र प्रथम और सुनील ने दूसरे स्थान पर बाजी मारी। गोला फेंक में हीना और सुनील प्रथम रहे। रस्साकशी में दूसरे सत्र के छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी। प्राचार्य संजीव कुमार ने इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए तमाम छात्र-छात्राओं को खेलकूद में हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल भी काफी महत्व रखते हैं। खेलों से खिलाड़ी हमेशा फिट रहते हैं। इस मौके पर महाविद्यालय के प्रवक्ता संजीव कुमार, होशियार शर्मा, रितिका पॉल, धनप्रकाश, अधीक्षक रोशनलाल जोशी, वरिष्ठ सहायक राजेंद्र शर्मा, लिपिक हिमांशु भार्गव और अन्य कार्मचारी वर्ग मौजूद रहा।