सांगला (किन्नौर)। जिले के सीमांत क्षेत्र चौरा से लेकर जिले के अंतिम क्षेत्र कौरिक तक अब नेशनल हाईवे पांच पर वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे। इसको लेकर किन्नौर जिला पुलिस प्रशासन ने एनएच पांच से वाहनों को हटाने के लिए कवायद शुरू कर दी है।
एनएच पर सुरक्षा की दृष्टि और दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से पुलिस ने एनएच से वाहनों को हटाने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि किन्नौर जिले के नेशनल हाईवे पांच पर चौरा, निगुलसरी, तरांडा, सोल्डिंग, लुतुक्सा, भावानगर, डैडसुंगरा, पानवी, वांगतू, कक्षस्थल, टापरी, चोलिंग, कड़छम, पोवारी, पूह सहित कौरिक तक एनएच पांच पर बेतरतीब ढंग से वाहन पार्क किए जा रहे हैं। जिन लोगों ने करीब 15 से 20 वर्ष से एनएच पर खराब वाहन और अन्य वाहन पार्क कर रखे हैं, अब जल्द इन वाहनों को हटाना होगा। पुलिस ने ऐसे लोगों को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद वाहनों को हटाने के लिए पुलिस क्रेन का सहारा लेगी। पुलिस ऐसे वाहनों को एनएच से हटाकर अपने कब्जे में ले लेगा। पुलिस प्रशासन ने भावानगर, टापरी, सांगला, रिकांगपिओ, मूरंग और पूह सभी पुलिस थानों, चौकियों और बैरियर प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि एनएच पर खड़े वाहनों की पहले शिनाख्त करें और इन वाहन मालिकों को वाहन हटाने के निर्देश दें।
एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि नेशनल हाईवे पांच को खुला होना चाहिए। सुरक्षा के लिहाज से एनएच को खाली रखा जाना चाहिए। जिले भर में एनएच पर लोगों ने अपने पुराने वाहनों को खड़ा कर रखा है और मनमाने तरीके से वाहनों को पार्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले ऐसे वाहन मालिकों को वाहन हटाने की हिदायत दी जाएगी। यदि फिर भी कोई वाहन मालिक वाहन नहीं हटाता है तो क्रेन की मदद से वाहन को हटा दिया जाएगा और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।