रोहडू। मौसम में आए बदलाव से बुधवार को चोटियों पर हिमपात व निचले क्षेत्र में तेज बारिश का क्रम जारी है। पूरा दिन लगातार भारी बारिश के बाद तापमान में भारी कमी दर्ज हुई है। लगातार बढ़ रही ठंड व भारी बारिश निचले क्षेत्रों में बागवानी के लिए खतरा पैदा कर रही है।
बुधवार से रोहड़ू क्षेत्र में सुबह से तेज बारिश लगातार जारी है। इस दौरान क्षेत्र के चांशल, चंद्रनाहल सहित ऊंची चोटियों पर लगातार हिमपात का क्रम जारी है। मुख्य सड़क रोहडू-शिमला यातायात के लिए खुली है। विशेषज्ञ लगातार बढ़ रही ठंड व बारिश को कम ऊंचाई वाले क्षेत्र में बागवानी को खतरा मान रहे हैं। बागवानी विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र कायथ का कहना है कि कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेेब के पौधों में कुछ दिनों के भीतर फूल निकलने की तैयारी है। कम तापमान के कारण पौधों में समय पर जमीन से पर्याप्त पोषक तत्व फूल तक नहीं पहुंच सकेंगे। फूल के ऊपर भारी बारिश परागण के लिए नुकसानदायक रहती है। उन्होंने कहा कि सेब के बगीचों में खाद डालने का उचित समय है। उन्होंने बागवानों को सलाह दी है कि बगीचे में खाद डालने का कार्य पूरा करें। उन्होंने सलाह दी है कि उर्वरकों का प्रयोग विशेषज्ञ की सलाह या मिट्टी की जांच के बाद करें। बगीचों में नए ग्राप्टिंग व पौधे लगाने का कार्य भी अब शीघ्र पूरा करें।